भदोही। आधे शहरवासियों को बीती रात से 12 घंटे की बिजली कटौती झेलनी पड़ी।बिजली के गुल रहने के कारण जनता का धैर्य अब जवाब देने लगा है। लोगों का कहना है कि उमस भरी गर्मी में बृहस्पतिवार की रात 11 बजे से गुल हुई बिजली शुक्रवार की सुबह 11 बजे बहाल जरूर हुई लेकिन शाम तक मुश्किल से 3 घंटे बिजली मिल सकी थी जिसको लेकर लोगों में खासा नाराजगी रही। शुक्रवार की सुबह लोगों को बिजली न रहने के कारण पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बीती रात की कटौती से नईबाजार, मर्यादपट्टी, जमुनीपुर, मथुरापुर, घमहापुर, महबूबपुर, इंदिरा मिल, रामरायपुर, चौरी रोड, बाजार सलाबत खां, मलिकाना, पचभैय्या, गौरियाना, दरोपुर, काशीपुर, विवेकानंद चौराहा समेत एक बड़ी आबादी बिजली से वंचित रही। कारण बताया जा रहा है कि फत्तुपुर विद्युत उपकेंद्र (ट्रांसमिशन) से रयां ग्राम में विद्युत केबल जल हो जाने से यह समस्या हुई।
कारपेट सिटी फीडर के लोगों का कहना है कि यह समस्या यदि जनप्रतिनिधि चाहें तो दो दिन में दूर हो सकता है लेकिन ना तो प्रशासनिक अफसर ना ही जनप्रतिनिधि रुचि ले रहे हैं। सभासद दानिश सिद्दीकी ने कहा कि हर 15 दिन में 3-4 दिन ऐसे ही कटौती झेलना पड़ता है। तो इसका स्थायी हल क्यों नहीं ढूंढा जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि इंदिरा मिल और कारपेट सिटी फीडरों की विद्युत आपूर्ति को अपनी निगरानी में ठीक कराएं तभी व्यवस्था परिवर्तन हो सकता है।
--
फत्तूपुर से रयां से होकर धौरहरा सब स्टेशन को आ रहे केबल जल जाने से समस्या हुई थी। अत्यधिक लोड से यह समस्या आ रही है। इसका कोई विकल्प भी नहीं है। कटौती होने पर उसे ठीक कराने में जो समय लगता है उसी से कटौती होती है।- राम कुमार, अधिशासी अभियंता, भदोही वितरण खंड