भदोही। कारपेट एंड टेक्सटाइल टेक्नालाजी में चार वर्षीय बीटेक कोर्स संचालित करने वाले भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) में जल्द ही आठ अल्पावधि पाठ्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। यहां तीन पाठ्यक्रम पहले से संचालित किए जा रहे हैं। इस तरह कुल 11 पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इन कोर्स को उद्यमियों के सुझाव आधार पर तैयार किया गया है।
आईआईसीटी निदेशक प्रो.राजीव कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि डिजाइनिंग, कंप्यूटर मैनेजमेंट और डाइंग पाठ्यक्रम संस्थान में संचालित किए जा रहे हैं। हाल के महीनों में उद्योगों के प्रतिनिधियों से मिले फीडबैक के आधार पर आठ अल्पावधि पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं। इन सभी कोर्स की अवधि 240 घंटे रखी गई है जो 6 माह में पूरी होगी।
निदेशक ने बताया कि नए पाठ्यक्रमों में कार्पेट इंस्पेक्शन एवं क्वालिटी कंट्रोल, कंप्यूटर एप्लिकेशन इन कार्पेट सेक्टर, मैनेजमेंट इन कार्पेट सेक्टर, गारमेंट कटिंग एंड स्टिचिंग, कार्पेट बेस्ड प्रोडक्ट डेवलपमेंट जैसे नए कोर्स शुरू करने की योजना है। ये रोजगारपरक पाठ्यक्रम हैं। सभी कोर्स के 30 सीटें होंगी। धिकतर कोर्स के लिए न्यूनतम अर्हता इंटरमीडिएट रखी गई है।