डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 11 जनवरी को नई शिक्षा नीति के तहत बीए और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं होंगी। सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर प्राचार्य प्रो.डा.मुरलीधर राम गुप्ता ने बताया कि जो छात्र दिसंबर 2021 में मिड टर्म परीक्षा में किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके थे, उन्हें परीक्षा देने का एक और अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ऐसे छात्र मंगलवार को सुबह 10 बजे महाविद्यालय में होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। परीक्षा प्रभारी डॉ.गौतम गुप्ता और नैक प्रभारी डॉ.अनुराग सिंह ने बताया कि 11 जनवरी को कला वर्ग में भूगोल, इतिहास, शारीरिक शिक्षा, हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, समाज शास्त्र तथा विज्ञान वर्ग में रसायन शास्त्र, भौतिकी, जंतु विज्ञान, पादप विज्ञान के साथ-साथ स्किल डेवलपमेंट विषयों में परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। यदि अब भी छात्रों ने परीक्षा नहीं दी तो वे पूर्ण रूप से सेमेस्टर परीक्षा से वंचित माने जाएंगे।