ज्ञानपुर। जिले में विधानसभा चुनाव के बाद होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए 75 केंद्र बनाए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से जारी सूची पर विभाग ने 13 जनवरी तक प्रधानाचार्यों से आपत्ति मांगी है। बोर्ड परीक्षा में कुल 49 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हर साल फरवरी-मार्च में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा कराई जाती है। कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2021 में सभी तैयारी धरी की धरी रह गई। जिससे हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को प्रमोट किया गया। कोरोना की दूसरी लहर स्थिर होने के बाद स्कूलों में कक्षाएं शुरू हो गईं। 10 नवंबर तक माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों की ओर से जरूरी सूचनाएं परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की गईं। इससे बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या तय हो गई। हाईस्कूल में 26 हजार 111 और इंटरमीडिएट में 22 हजार 503 परीक्षार्थी शामिल होंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से 183 स्कूलों की सूची ऑनलाइन सत्यापन कर बोर्ड को भेजी गई थी। इसमें 100 से अधिक स्कूल संसाधनों की कमी के कारण केंद्र बनने में फेल हो गए थे। सोमवार को शिक्षा परिषद की तरफ से ऑनलाइन सूची के आधार पर बोर्ड परीक्षा के लिए 75 केंद्रों का निर्धारण किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक नंदलाल गुप्ता ने बताया कि बोर्ड की तरफ से केंद्र का निर्धारण कर दिया गया है। इस सूची पर 13 जनवरी तक आपत्ति मांगी गई है। आपत्ति आने पर उसका निस्तारण भी किया जाएगा। ज्ञात हो, 2021 में कुल 53 हजार 266 परीक्षार्थी थे, जबकि 2020 की बोर्ड परीक्षा में कुल 54,455 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। जिले में 34 राजकीय, 25 वित्तपोषित और 120 से अधिक वित्तविहीन माध्यमिक एवं इंटर कॉलेज हैं।