फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अस्पताल हुआ पानी-पानी: ज्ञानपुर के MBS अस्पताल की ओपीडी व इमरजेंसी में घुसा पानी, मरीजों को CHC में किया शिफ्ट

Fri, 08 Aug 2025 08:13 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, भदोही।

सार

उत्तर प्रदेश के ज्ञानपुर स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में बारिश का पानी भर जाने से मरीजों और तीमारदारों को काफी दिक्कत हुई। मरीजों को सीएचसी में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, पानी निकालने के लिए प्रयास शुरू हो गए थे।
विज्ञापन
पानी भरे वार्ड में बैर ऊपर करके बेड पर बैठी मरीज और तीमारदार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Bhadohi News: ज्ञानपुर जिले में शुक्रवार की सुबह हुई बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। जिला अस्पताल के बाद सबसे अधिक ओपीडी वाले महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के इमरजेंसी, ओपीडी के सभी भवनों में पानी भर गया। स्थिति यह हो गई कि पंप लगाकर पानी निकलना पड़ा। 

विज्ञापन




पानी के कारण ओपीडी स्थगित करनी पड़ी। इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश से ग्रामीण अंचल की सड़कों का हाल-बेहाल हो गया। जलजमाव के बीच लोगों का सड़क पर निकलना दुश्वार रहा। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में 42 एमएम बरसात हुई है।
विज्ञापन


महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय (एमबीएस) में हर दिन 700 से 800 मरीजों की ओपीडी होती है। वहीं कम से कम 20 से 30 मरीज इमरजेंसी में पहुंचते हैं। शुक्रवार की सुबह करीब तीन से चार घंटे बारिश हुई। जिसमें शुरूआती एक घंटे तक जबरदस्त बरसात होती रही। जिससे अस्पताल के वार्ड, ओपीडी और इमरजेंसी में पानी भर गया। इसके कारण अस्पताल की सभी सेवाएं स्थगित कर दी गईं। 

अस्पताल आने वाले मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शिफ्ट कर दिया गया। इसके अलावा स्टेशन रोड पर करीब दो फीट से अधिक तक पानी लग गया। शिव टाकिज से लेकर मुल्ला तालाब तक पूरी सड़क पानी में डूबी रही। नगर के घमहापुर मोहल्ले में एक विद्युत पोल में करंट उतर गया। जिसकी चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। नगर के निचले मोहल्लों की स्थिति भी बेहद खराब रही। घुटने तक पानी लगने से लोगों का राह चलना मुश्किल भरा रहा।

ग्रामीण अंचल की सड़कों पर चलना मुश्किल
जिले में शुक्रवार की सुबह हुई बारिश के बाद ग्रामीण अंचल की लगभग सभी खस्ता हाल सड़कों पर जलभराव हो गया। जिससे लोगों को राह निकलना मुश्किल भरा हो गया। महराजगंज क्षेत्र सारीपुर, चेरापुर, नारायणपुर, रतना, ठेकीपुर आदि गांवों में सड़कों पर जलभराव होने से 10 हजार लोग प्रभावित रहे। इसी तरह खमरिया नगर को जोड़ने वाली चार मार्गों पर जलभराव रहा। 

जिसमें अहिमनपुर, खमरिया माधोसिह मार्ग और औराई खमरिया, चेतगंज-खमरिया जैसे मार्ग प्रमुख रहे। गिराई पावर हाउस क्षेत्र में भारी बारिश के चलते सर्विसलेन जलमग्न हो गया है। दोनों तरफ पानी भरा होने से सर्विसलेन से होकर गुजरने वाले लोग हलकान रहे। दुर्गागंज कुढवा मार्ग पर दुर्गागंज बाजार से 100 मीटर पश्चिम और नवनिर्मित हाईवे 731बी पर पानी लगा रहा। करियांव बाजार में भी एक फीट तक पानी लगा रहा।

पानी भर जाने से मरीजों को हो रही दिक्कत। - फोटो : अमर उजाला
बिजली कटने से 16 हजार लोग परेशान
बारिश के कारण कई इलाकों की बिजली भी प्रभावित रही। जिसमें ठठरा फीडर से जुड़े बाबूसराय, सारीपुर, चेरापुर, ठेगीपुर, रतना, शिवरामपुर जैसे गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। इससे करीब 15 हजार लोग प्रभावित रही। इसी तरह ज्ञानपुर के हॉस्टल फीडर से जुड़े लखनो गांव की आपूर्ति बृहस्पतिवार शाम छह बजे से ही बाधित रही। जिससे पूरे गांव के लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

जिले में बीते 24 घंटे में 42 एमएम बारिश हुई है। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार के दिन का तापमान 29 डिग्री और रात का तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावनाएं बन रही है। - सर्वेश बरनवाल, मौसम विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केन्द्र बेजवां।
 
मरीजों की सहूलियत के लिए उन्हें सीएचसी में शिफ्ट किया गया था। अस्पताल को खाली कर पंप के माध्यम से सारा पानी निकाला गया है। स्थायी समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से अवगत कराया गया है। नगर में ड्रेनेज सिस्टम ठीक न होने के कारण हर बार यह दिक्कत होती है। - आरआर मौर्या, सीएमएस, एमबीएस, भदोही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें