जिला मुख्यालय पर डीएम कार्यालय के सामने बेमियादी अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों ने बुधवार को देर शाम एडीएम के आश्वासन पर स्थगित कर दिया। अभ्यर्थियों ने 13 वर्ष से रिक्त सफाई कर्मी के पद पर पारदर्शिता से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर बीते मंगलवार को बेमियादी अनशन शुरू किया था।
जनहित सफाई कर्मी संघर्ष समिति के आह्वान पर डीएम कार्यालय के सामने अभ्यर्थियों का बेमियादी अनशन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। अनशन पर बैठी अभ्यर्थी साधना पांडेय ने बताया कि 2008 में प्रदेश के सभी जिलों में सफाई कर्मी पद के लिए आवेदन मांगे गए थे। सिर्फ भदोही जिले की नियुक्ति को अधर में लटकाकर अन्य जिलों में प्रक्रिया पूरी कर ली गई। तब से अब तक अभ्यर्थी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग को लेकर आंदोलन करते आ रहे हैं। बीते माह जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनाव से पहले अभ्यर्थियों को प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिया था। उधर, एडीएम एसके मिश्रा ने बताया कि अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर अनशन स्थल से हटा दिया गया है। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे अभ्यर्थियों का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल डीएम आर्यका अखौरी के साथ आयोजित बैठक में शामिल होगा। अनशन स्थल पर प्रमिला देवी, अरुण श्रीवास्तव, जितेंद्र भारती, विवेक कुमार, तुलसीराम, राजकुमार, जटाधारी, पन्नालाल, रामराज आदि मौजूद रहे।