भदोही। अंधाधुंध बिजली कटौती ने जानलेवा गर्मी के बीच लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। आलम यह है कि एकमुश्त कटौती न कर दिन भर में आठ से 10 बार बिजली काट दी जा रही है। इससे पसीने से तरबतर आमजन चिड़चिड़ा जा रहे हैं। पूरे दिन में आठ घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी और उमस से हलाकान लोगों ने जिलाधिकारी से रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति की मांग की है।
बता दें कि तहसील मुख्यालयों को साढ़े 22 घंटे बिजली देने का रोस्टर है। लेकिन कभी यह व्यवस्था ठीक हो जाती है और कभी बिगड़ जाती है। बीते चार दिन से फिर से आपूर्ति बेपटरी हो गई है। दिन हो या रात बिजली एक घंटे मिल रही है तो दो घंटे कटौती हो रही है। बस दिन रात इसी प्रकार का लुका छिपी जारी है। बिजली आने जाने का कोई समय नहीं रह गया है। मंगलवार को भदोही टाऊन में रात आठ बजे गुल हुई बिजली रात के 12 बजे आई। बुधवार को दिन में आती जाती लगी रही। दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक बिजली मुश्किल से एक घंटे रही। इस हालात से चिलचिलाती धूप और गर्मी में हर वर्ग परेशान है। घर हो या दुकान कहीं आराम नहीं है। लोग पसीने से तरबतर दुकानों पर बैठ कर बिताने को मजबूर हैं। गर्मी के चलते ही बाजारों में आदमी नहीं दिख रहे हैं। दुकानों पर बैठे दुकानदार दिन दिनभर ग्राहकों के इंतजार में बिता दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका हाल इससे भी बुरा है। शेरवां, डोमनपुर, रैमलपुर, जाहिदपुर, अभयनपुर, सोनहर, फत्तुपुर पिपरिस में लोगों का कहना है कि मुश्किल से 6 घंटे आपूर्ति मिल रही है।