ज्ञानपुर। सदर तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक का कुछ दिन पहले एक आडियो वायरल हुआ था। उसमें किसी व्यक्ति से पैसे के लेन-देन को लेकर बात करने का मामला था। इसकी शिकायत कुछ लोगों ने जिलाधिकारी से किया था। डीएम ने मामले की जांच कराकर राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया।
तहसील से मिली जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक राजेंद्र सिंह इन दिनों कई सर्किलों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सरकारी जमीनों पर हुए अतिक्रमण के मामलों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की शिकायत काश्तकारों ने जिलाधिकारी से किया था। उसी मामले में कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि पैसे लेने को लेकर वायरल ऑडियो के मामले की जांच करायी गई। उसी आधार पर कानूनगो राजेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी करायी जा रही है। आगे जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।