भदोही के भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी के इस्तीफे का पत्र मंगलवार को देर रात सोशल मीडिया पर वायरल होने से राजनीतिक गलियारे में हलचल मच गई। पत्र वायरल होने की जानकारी पाकर बुधवार को विधायक ने इसका खंडन किया। उन्होंने कहा कि उनके खून का एक-एक कतरा भाजपा के लिए समर्पित है। उनके लैटरपैड का दुरुपयोग किया गया है। मामले की जांच के लिए उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।
सूबे के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य सहित आधा दर्जन विधायकों के इस्तीफे से मंगलवार को पूरे दिन प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी रही। देर रात रविंद्रनाथ त्रिपाठी के लेटरपैड से इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इससे जिले के राजनीतिक गलियारे में हलचल बढ़ गई। मामला तूल पकड़ने लगा तो विधायक ने पटेल नगर स्थित एक लॉन में पत्रकारों से रूबरू होकर वायरल पत्र का खंडन किया। उन्होंने कहा कि किसी ने उनके लेटरपैड का गलत इस्तेमाल किया। कहा कि वह भाजपा के आम कार्यकर्ता हैं। वर्ष 1992 से दरी बिछाने का काम करते आ रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उधर कोतवाली थाना प्रभारी गगनराज सिंह ने बताया कि विधायक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।