कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच चुनाव तैयारी तेज हो गई है। तिथि की घोषणा होने के साथ ही प्रशासन भी चुनावी मोड में आ चुका है। चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंप दी गई है। प्रशासनिक अफसर पूर्व में की गई तैयारी को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। कर्मचारियों का प्रशिक्षण कराने से लेकर नामांकन का ब्लू प्रिंट तक तैयार हो रहा है। प्रशासन नामांकन, मतदान से लेकर मतगणना तक कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए कराने की कोशिश में जुटा है।
जिले में अंतिम चरण में सात मार्च को मतदान होना है। इसके लिए 10 फरवरी को अधिसूचना जारी हो जाएगी। तीन विधानसभाओं में होने वाले चुनाव के लिए तीनों एसडीएम, मुख्य विकास अधिकारी, डीपीआरओ, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, परियोजना निदेशक संग 22 जिला स्तरीय अधिकारियों को स्वीप, मतदाता जागरूकता, चुनावी खर्च से लेकर अन्य व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव के दौरान आने वाली शिकायतों और उसके निस्तारण के लिए अभियोजन कक्ष में वार रूम बनाया गया है। जहां दो पालियों में 15 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगे हैं। दो महीने में 96 शिकायतें आई हैं। जिसमें मतदाता पहचान पत्र न बनने, फोटोयुक्त पहचान पत्र न मिलने सहित अन्य शिकायतें शामिल हैं। ज्ञानपुर, भदोही और औराई विधानसभा के प्रत्याशियों का नामांकन एसडीएम, एएसडीएम और एडीएम के न्यायालय कक्ष में होगा, लेकिन अभी किस विधानसभा का कहां नामांकन होगा, यह तय नहीं है। दो से तीन दिनों में तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। यही हाल मतगणना का भी है। कलेक्ट्रेट परिसर में ही तीनों विधानसभाओं की मतगणना होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र मिश्र का कहना है कि नामांकन, मतदान और मतगणना का ब्लू प्रिंट तैयार हो चुका है। अब उसको अमलीजामा पहनाया जा रहा है। एक सप्ताह के अंदर सब कुछ फाइनल हो जाएगा। उन्होंने बताया कि चुनाव में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा।