बकाएदारों के खिलाफ विद्युत निगम की तरफ से चलाए गए सप्ताहव्यापी अभियान के दौरान 66 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा बकाएदारों से लगभग पौने दो करोड़ रुपये जमा कराया गया है। शनिवार को सुबह लगभग पांच बजे से विद्युत वितरण खंड ज्ञानपुर और भदोही में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
जिले में दो विद्युत वितरण खंडों के अंतर्गत 24 उपकेंद्रों से 1.55 लाख ग्रामीण व नगर क्षेत्र के उपभोक्ता जुड़े हैं। इन उपभोक्ताओं के साथ ही सरकारी विभागों को मिलाकर 65 करोड़ से अधिक का बकाया है। अधिशासी अभियंता सदर अमर सिंह ने बताया कि बकाया जमा होते रहने से उपकरणों को बदलने में समस्या नहीं आती है। विद्युत चोरी रोकने और बकाया जमा कराने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।