उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शनिवार को भदोही के मोरवा नदी को दूषित करने के आरोप में कारपेट सिटी में चल रहे आठ डाइंग प्लांटों को सील कर दिया है। संचालकों को बगैर एनओसी प्लांट चालू न करने की सख्त हिदायत दी गई है। इससे जिले भर के डाइंग प्लांट संचालकों में हड़कंप मच गया है।
उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी कालिका सिंह सुबह अपने सहायक वैज्ञानिक अधिकारी व अन्य सदस्यों के साथ कालीन नगरी पहुंचे। उन्होंने बताया कि शिकायत मिली थी कि कुछ डाइंग प्लांट अपना दूषित पानी मोरवा नदी में बहा रहे हैं। कुछ डाइंग प्लांट तो बगैर शोधित गंदा और रासायनिक पानी नदी में बहा रहे हैं।
पिछले दिनों पानी के सैंपल की जांच कराई गई तो शिकायत सही मिली। इस पर शनिवार को भदोही तहसीलदार को साथ लेकर टीम ने दीपक डाइंग हाउस, मनोज डायर्स, रूपेश कुमार एंड ब्रदर्स, माबूद इंटरनेशनल, अरविंद एक्सपोर्ट, एसके डाइंग हाउस, आईएस डाइंग डिवीजन व भदोही कार्पेट में छानबीन करने के बाद उन्हें सील करा दिया। संचालकों से कहा गया कि बगैर एनओसी प्लांट पुन: चालू किया तो सख्त कार्रवाई होगी। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।