बाजार स्थित समूह पेयजल योजना ठीक से नहीं चल रही है। कभी तकनीकी खराबी तो कभी उपकरणों की कमी का खामियाजा ग्रामीण झेल रहे हैं। जानकारी होने के बाद भी अधिकारी-कर्मचारी समस्या को दूर करने में सक्रियता नहीं दिखाते।
डीघ ब्लाक के कोइरौना बाजार में समूह पेयजल योजना के तहत ट्यूबवेल लगाकर पाइप लाइन के जरिए क्षेत्र के रईयापुर, मानशाहपुर, हैदरपुर, कोइरौना बाजार, निबिहां-मझगवां, गोलखरा, भावापुर, प्रतापशाहपुर आदि गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लेकिन ट्यूबवेल पर कम क्षमता का मोटर लगने से अधिकांश गांवों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही। हालांकि ट्यूबवेल में आपूर्ति के लिए दो मोटरों को लगाया गया है। ताकि खराबी आने पर दूसरे मोटर को उपयोग में लाया जा सकें। पानी के बदले इन गांवों से करीब एक हजार परिवार प्रति माह राजस्व का भुगतान भी करता है, इसके बाद भी पेयजल की समस्या होने से ग्रामीणों को समस्या हो रही। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने व्यवस्था सुधार के लिए एक सप्ताह का समय दिया। बोले इस अंतराल में यदि मोटर की क्षमता बढ़ाकर पेय जल की आपूर्ति सुचारु नहीं कराई गई तो ग्रामीण बउ़ा आंदोलन करने की रणनीति बनाएंगे। प्रदर्शन करने वालों में बब्बन मिश्रा, कोमलचंद्र अग्रहरी, शीतला प्रसाद,विधायक सरोज, राजाराम यादव, विमलचंद, सखाराम यादव, विजय अग्रहरी, भोलानाथ श्रीवास्तव, मार्कंडेय पाल, राजेश अग्रहरी आदि रहे। बात करने पर अधिशासी अभियंता जल निगम मुजिब अहमद ने बताया कि अभी मोटर को बदलवाकर उसको उपयोग में लाया गया है, क्षमता कम होने की शिकायत को जांच कराकर दूर किया जाएगा।