ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने अभोली के बसवापुर और सुरियावां के पट्टीबेजांव गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से रूबरू हुए। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से कहा कि वह किसी के प्रलोभन में न आएं। विकास को देखकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आप लोग किसी के प्रलोभन में न आएं ,उनसे शराब, साड़ी लेकर अपने वोट को न बेचें। अगर ऐसा करते है तो आप के गांव और क्षेत्र का विकास रुक जाएगा। ऐसे लोगों का चयन न करे कि आपको पांच साल पछताना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई ग्राम प्रधान जीत जाता है तो वे यह ना सोचे की अमुक व्यक्ति ने हमें वोट नहीं दिया है तो उनका कोई कार्य न करे। ऐसे लोगों के यहां इतना विकास करें कि वे अगले चुनाव में आप को ही मत दें। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के मतदान नहीं कर पाएगा। मास्क लाना बहुत जरूरी है साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मतदान करें।
एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि कोई धमकाता है या प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम नंबर (05414-298174, 9454457686, 9454402476) या प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों को तत्काल सूचित करें। उन्होंने चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को कहा कि वह किसी प्रकार से चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न करें। कहा कि चुनाव में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हर मतदान केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया जाएगा । संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी ।