सुरियावां। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच जांच अभियान तेज हो गया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई स्थानों पर सैंपल लिया। सीएचसी सुरियावां की ओर से बुधवार को थाने के पास रामलीला मैदान में अधीक्षक आरबी पाठक की देखरेख में कैंप लगाया गया। इसमें आधा दर्जन से अधिक स्वास्थकर्मियों ने 150 लोगों का सैंपल लिया। इसमें चार लोग पॉजिटिव पाए गए। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने नगर के व्यापारियों के यहां जा जाकर लोगों को करोना जांच कराने के लिए प्रेरित किया। डॉ. पाठक ने बताया कि नगर के कुछ लोग करोना जांच तो करा रहे हैं, लेकिन कुछ लोग जांच कराने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
डॉ. पाठक ने कहा कि होम क्वारंटीन की सुविधा दी जा रही है फिर भी लोग डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना से भयभीत न हों। इसी तरह सीएचसी औराई की टीम ने महराजगंज बाजार में सात लोगों का सैंपल लिया। बाजार में दुकानों पर लापरवाही दिखी। इस पर जांच टीम ने नाराजगी जताई। सभी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा।