सीतामढ़ी। बिजली उपकेंद्र सीतामढ़ी में लगे पांच-पांच एमवीए के दो मुख्य ट्रांसफॉर्मर हफ्तेभर के अंदर जल गए। तीसरा ट्रांसफॉर्मर क्रेन से चढ़ाते समय गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। लिहाजा कोनिया क्षेत्र के लगभग दो सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल हो जाने से पेयजल संकट गहराने के साथ ही मोबाइल और बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण खिलौना बनकर रह गए हैं।
सीतामढ़ी उपकेंद्र में लगे दो ट्रांसफॉर्मरों में गत माह से ही तकनीकी खराबी के चलते आपूर्ति व्यवस्था को बेपटरी थी। बावजूद इसके विभाग किसी तरह काम चला रहा था। पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मरों से सीतामढ़ी और बारीपुर फीडर के दर्जनों गांव, अस्पताल, बैंक, मंदिर, व्यापारिक प्रतिष्ठान, कल-कारखानों को बिजली मुहैया कराई जाती है। तकनीकी खराबी के कारण उपभोक्ता बार की ट्रिपिंग की समस्या झेल रहे थे। गत सप्ताह एक ट्रांसफॉर्मर जल गया था। इसके बाद विभागीय अधिकारी एकमात्र बचे दूसरे ट्रांसफार्मर पर क्रमवार लोड देकर काम चला रहे थे। लोड अधिक होने के कारण मंगलवार को दूसरा ट्रांसफॉर्मर भी जल गया। ट्रांसफॉर्मर जलने पर आनन-फानन में भदोही से पुराना ट्रांसफॉर्मर लाया गया, लेकिन रात में फाउंडेशन पर चढ़ाते समय अचानक गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया। बुधवार को कर्मचारी उसे दुरुस्त करने में लगे रहे।
उपभोक्ता कैलाश चंद्र, पप्पू सिंह, डॉ. पीके उपाध्याय, छोटेलाल शुक्ला आदि का आरोप है कि गत माह से बिजली आपूर्ति की स्थित खराब है। शिकायत के बावजूद कोई ध्यान देने वाला नहीं है। जेई रामनारायण यादव ने कहा कि एक ट्रांसफार्मर को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। लगते ही आपूर्ति बहाल कर दूसरे ट्रांसफार्मर के लिए प्रयास किया जाएगा।
इन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
सीतामढ़ी। समूह पेयजल योजनाएं मठहां, बारीपुर, डीघ कटरा, इटहरा सहित सीतामढ़ी, नारेपार, मठहा, पैगहा बाजार, बारीपुर, केवटाही, मनोहरपुर, कुढ़वा, बनकट, झरिहगपुर, अरई, खेमापुर, कटरा बाजार, डीघ, सोनपुर, तलवा, दुगुना, इटहरा, कूड़ी कला, कूड़ी खुर्द, शेरपुर, बहपुरा, अतिबलशाहपट्टी, बसगोती मवैया, मवैया थान सिंह, टेढ़ी, भदराव, धनतुलसी, कलातुलसी, महरच्छ तुलसी, कलिकमवैया, भुर्रा, छेछुआ, गजाधारपुर सहित दर्जनों गांवों और थाना कोइरौना, सीएचसी डीघ, पीएचसी कटरा, थाना कोइरौना, पुलिस चौकी कटरा, सीतामढ़ी, सीतामढ़ी मंदिर, वाल्मीकि आश्रम, सहित 20 किलोमीटर के क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बिजली के लिए हाहाकार मचा है।
रामभक्त नहीं देख सके भूमिपूजन का प्रसारण
सीतामढ़ी। राम भक्तों की आस्था पर भी बिजली विभाग की लापरवाही भारी पड़ी। अयोध्या में रामलला के मंदिर के नींव पूजन का दिव्य कार्यक्रम बिजली के अभाव में कोनिया क्षेत्र के लोग टीवी पर नहीं देख सके, जिसको लेकर लोगों में मलाल दिखा। जिस कार्यक्रम को टीवी पर देखने की इच्छा मन में कई दिनों से पाल रखी थी, उसे उपकेंद्र की खराबी से नहीं देख पाए।