भदोही की जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। इसमें विभागीय योजनाओं के प्रगति की समीक्षा हुई। गोल्डेन कार्ड बनाने की धीमी गति पर डीएम ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि भविष्य में सुधार न होने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम आर्यका अखौरी को सीएमओ ने अवगत कराया कि 17 सितंबर को विभाग की ओर से मेगा कोविड वैक्सीनेशन कराया जाएगा। इसमें 38 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य तय है। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि माइक्रो प्लान बनाकर वैक्सीनेशन को सफल बनाएं। गोल्डेन कार्ड बनाने में शिथिलता बरतने पर नोडल अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन मानीटरिंग करें। गांव में जिन परिवार का गोल्डेन कार्ड बनना है वह अभी भी वंचित है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया की सभी आशाओं को लक्ष्य देकर आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित कराएं। परिवार नियोजन से संबंधित भुगतान किसी भी स्तर पर लंबित न रखें। सभी सीएचसी और पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि आशाएं हर माह कम से कम दो प्रसव अवश्य कराएं। इसके बाद डीएम ने विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति देखी। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।