मतदाता जागरूकता अभियान के तहत रविवार को जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में प्रशासन और पत्रकार एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण मैच खेला गया। संघर्षपूर्ण मुकाबले में प्रशासन एकादश ने मैच जीत लिया। विजेता व उप विजेता टीम संग बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
मैच का शुभारंभ जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फीता काटकर किया। उन्होंने हार-जीत को खेल का हिस्सा बताया। कुल 12 ओवर के निर्धारित मैच में प्रशासन एकादश की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की। टीम ने 209 रन बनाया। इसमें विकास भदौरिया ने 15 गेंद पर नौ छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी पत्रकार एकादश की टीम हैदर संजरी के 40 रन की संघर्षपूर्ण पारी के बाद भी 137 रन ही बना सकी। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदाताओं की अहम भूमिका है। स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी है। उन्होंने सात मार्च को लोकतंत्र के महापर्व में अधिक से अधिक लोगों से मतदान की अपील की। पत्रकारों से आग्रह किया कि प्रचार-प्रसार में सहयोग देकर मतदान प्रतिशत 90 फीसदी से पार ले जाने में सहयोग करें। पुलिस अधीक्षक डॉ.अनिल कुमार ने कहा कि मीडिया की देश की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका होती है। बेस्ट बैट्समैन उमा, बेस्ट बालर पुलिस कप्तान डॉ. अनिल कुमार, बेस्ट फिल्डर डिप्टी कलेक्टर अभय सिंह, मैन आफ द मैच और सिरीज विकास भदौरिया रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीडीओ भानु प्रताप सिंह, एएसपी राजेश भारती, चार्टर्ड अकाउंटेंट व समाजसेवी आरसी त्रिपाठी, खेल अधिकारी सिराजुद्दीन की भूमिका अहम रही। इस मौके पर रामधनी यादव, विनोद मोदनवाल, हरेंद्र सिंह, अरविंद भट्टाचार्य आदि मौजूद रहे।