जिले में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। सोमवार को तीन और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। महीने भर में 19 संदिग्धों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। जिसमें अब तक 11 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है।
जिला मलेरिया अधिकारी रामआसरे पाल ने बताया कि भदोही ब्लॉक के वेदमनपुर की एक बुखार पीड़िता, सुरियावां ब्लॉक के हरीपुर निवासी युवक और भदोही के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती जौनपुर की बच्ची की जांच में डेंगू के लक्षण मिले हैं। उन्होंने बताया कि अब तक डेंगू के मिले सभी मरीज स्वस्थ हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। तीनों संदिग्धों के घर पर संक्रामक रोग रोधी जरूरी दवाओं का छिड़काव कराया जा चुका है। वेक्टर जनित बीमारी की रोकथाम को लेकर दवाओं का छिड़काव और फागिंग कराई जा रही है।