चेनपुलिंग के कारण बुधवार को दोपहर में डाउन दानापुर एक्सप्रेस ज्ञानपुर रोड स्टेशन के पूर्वी गेट पर लगभग 10 मिनट तक खड़ी रही। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सप्ताह में दो दिन चलने वाली दानापुर एक्सप्रेस बुधवार को लगभग तीन घंटे विलंब से ज्ञानपुर रोड स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी हुई थी। भीड़ अधिक होने के कारण यात्री दो मिनट तक खड़ी होने वाली इस ट्रेन से नहीं उतर सके और सिग्नल मिलते ही चालक ने ट्रेन आगे बढ़ा दी। इस बीच कोच से न उतर पाने वाले यात्रियों का शोर सुन कुछ लोगों ने चेनपुलिंग कर दी। इससे ट्रेन पूर्वी गेट पहुंच कर 10 मिनट खड़ी रही। ट्रेन रुकते ही स्टेशन पर नहीं उतर पाए यात्री सामान इधर-उधर फेंक कर आनन-फानन में उतरने लगे। दस मिनट बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो सकी। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने कहा कि यात्रियों के नहीं उतर पाने से एक्सप्रेस को चेनपुलिंग कर यात्रियों ने ही रोका था। इस मामले में रेलवे पुलिस ने पूछताछ भी की है।