गणेश के मानिकपुर स्थित घर पर परिजनों को ढांढस देने के लिए जुटी गांव की महिलाएं
। कोतवाली अंतर्गत चौरी रोड पर भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी) के समीप सोमवार को दोपहर ट्रक और बाइक में भिड़ंत से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। मृतकों में मानिकपुर निवासी गणेश गौतम (22) पुत्र महाबली और दूसरा उसका रिश्तेदार प्रेमचंद्र उर्फ गोलू (20) पुत्र स्व.फूलचंद्र शामिल हैं।
चौरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी महाबलि गौतम का पुत्र गणेश अपने किराएदार की बाइक से बड़े भाई महेश के साले ममहर निवासी गोलू पुत्र स्व.फूलचंद को साथ लेकर भदोही आया था। भदोही में कार्य निपटा कर वे दोनों दोपहर 12.30 बजे इन्दिरा मिल चौराहे से चौरी की ओर रवाना हुए। जब वे आईआईसीटी के सामने तेजरफ्तार एक वाहन से पास ले रहे थे, तभी सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गए।
इस दौरान लोगों ने बताया कि बाइक, ट्रक में घुस गई और बाइक सवार दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस दोनों के शव को राजकीय एंबुलेंस से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाद में महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल ले आई। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।