भदोही। कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार पुलिस चौकी अंतर्गत मंगलवार को तड़के इंदिरा मिल बाईपास मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर खड़ी बोलेरो के चालक को मारपीट कर अज्ञात बदमाश बोलेरो सहित 20 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित चालक बोलेरो से अपनी माता रजदेई का उपचार कराने अस्पताल आया था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हालांकि मंगलवार की शाम तक बदमाशों को पकड़ने में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल सकी थी।
कोतवाली क्षेत्र के मोढ़ करियांव निवासी चालक अमृतलाल अपने मालिक की बोलेरो से बीती रात अपनी बीमार मां का उपचार कराने महबूबपुर स्थित निजी अस्पताल आया था। अमृतलाल ने बताया कि भोर में जब नींद सताने लगी तो वह अस्पताल के बाहर खड़ी बोलेरो की बीच वाली सीट पर आराम करने लगा। इसी बीच तीन अज्ञात बदमाश आए और बोलेरो का गेट खोल कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। रोकने पर उन्होंने उसे मारा पीटा तथा एक बदमाश चालक सीट पर बैठ गया व बाकी दो पिछली सीट पर उसके अगल-बगल बैठ गए और उसे धमकाया और मारा पीटा। इस बीच उन्होंने बोलेरो आगे बढ़ा दी। कुछ ही दूर पर पहुंच कर सुनसान स्थान पर उसके पास से 20 हजार रुपये छीन कर बोलेरो से बाहर ढकेलकर फरार हो गए। जाते-जाते वे उसका मोबाइल, आधार कार्ड आदि भी लेते गए। भोर में चालक से सूचना मिलने पर कोतवाल श्रीकांत राय अपने हमराहियों और नईबाजार पुलिस के साथ मौके पर जाकर छानबीन और पीड़ित से पूछताछ की हालांकि वहां कुछ नहीं मिला। उधर सीओ भूषण वर्मा ने कहा कि मामले को तकनीकी रूप से पूरी गंभीरता से छानबीन की जा रही है। वाहन को ट्रेस करने के साथ साथ चालक के मोबाइल की लोकेशन के सहारे पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी सहायता ली जा रही है। इस संबंध में टीमें गठित कर संभावित स्थानों को भेजी जा चुकी हैं।