भदोही। कोतवाली क्षेत्र के दो अलग- अलग गांवों में चोरों ने बीती रात दो मकानों में धावा बोल कर लगभग 3.5 लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। पिपरी शिवरामपुर में बदमाशों ने गृहस्वामी और उसके पुत्र को पीटकर घायल करने के बाद लूटपाट की। फत्तूपुर में घर के लोग सोते रहे और छत के रास्ते घर में घुसे चोर ढाई लाख के जेवरात लेकर फरार हो गए। दोनों घटनाओं के बाद सीओ भूषण वर्मा ने कोतवाली पुलिस के साथ मौका मुआयना किया। चोरों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच को लगा दिया गया है।
हरगेन सरोज का मकान मामदेवपुर में है। वह पिपरी शिवरामपुर में अपनी पाही पर रहते हैं। बताते हैं कि रात्रि करीब एक बजे चोरों ने उसके घर धावा बोल दिया। पहले उन्होंने हरगेन को मारपीट कर घायल कर बेहोश कर दिया। इसके बाद घर के अंदर हरगेन के पुत्र दिनेश को मारपीट कर दूसरे घर में बंधक बनाकर दिनेश की पत्नी रिंकी के शरीर से आभूषण और घर में रखे दो अटैची लेकर कर फरार हो गए। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसके लगभग एक लाख रुपये कीमत के आभूषण गए हैं। सुबह दोनों खाली अटैचियां खेतों में फेंकी हुई मिलीं। पिपरी में सीओ और कोतवाल श्रीकांत राय ने मौका मुआयना किया।
दूसरी घटना फत्तूपुर दरगाह की है, जहां देवी प्रसाद यादव का परिवार रात में सो रहा था और चोरों ने लगभग ढाई लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। रात ही घर वालों की नींद खुली, लेकिन तब तक चोर जा चुके थे। राजेश और बृजेश ने बताया कि उनके पिता देवी प्रसाद बरामदे में सो रहे थे। चोर छत के सहारे घर में घुसे और सो रहे लोगों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर स्टोर में रखे ढाई लाख के आभूषण लेकर फरार हो गए। बकौल राजेश उसकी पत्नी की नींद खुली, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। मोबाइल से छोटे भाई को बृजेश को जगाया, लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे।
दो-दो घटनाओं से सकते में हैं ग्रामीण
भदोही। कोतवाली क्षेत्र के दो अलग अलग गावों में बीती रात हुई चोरी की घटना से ग्रामीण सकते में आ गए हैं। शुक्रवार को दिन भर चोरों के दुस्साहत की चर्चा होती रही। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस दोनों घटनाओं का ख्रुलासा नहीं किया तो चोरों का मनोबल बढ़ेगा। उधर सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। विभाग की फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की भी मदद ली जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना में पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। सीओ न आशा जताई की शीघ्र ही चोर गिरफ्त में होंगे।