गोपीगंज/कौलापुर। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर चार कमरों का ताला तोड़ कर चोरों हजारों के कीमती सामान, जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में हड़कंप मचा रहा।
पहली घटना चोरों ने औराई विकास खंड स्थित हीराचक-डेहरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में अंजाम दिया। विद्यालय के रसोई घर, क्लास रूम का ताला तोड़ कर बर्तन, बच्चों में वितरित होने वाले जूता-मोजा, साउंड माइक, अनाज उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर शिक्षक शशि प्रकाश यादव ने घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौका मुआयना कर तलाश में लगी रही। इसी तरह दूसरी घटना में कोतवाली क्षेत्र के ही बेरासपुर गांव निवासी श्रीकांत तिवारी, हीरावती देवी, मुकेश तिवारी के तीन कमरों का ताला तोड़ कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों का कहना था कि चोर रात में छत के रास्ते रिहायशी मकान में उतरे और उन्हीं कमरों को निशाना बनाया, जिनमें जेवरात, नगदी और कीमती सामान रखे गए थे। घर की महिला बीना तिवारी उसी छत पर दो बच्चों के साथ सो रही थी। उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लग सकी। सुबह उठने पर खेतों में टूटे पड़े बाक्स को देख शोरगुल मचने के बाद घटना की जानकारी हो सकी। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने घटना की सूचना कोतवाली में दी। दलबल के साथ पहुंची पुलिस बिखरे सामानों, टूटे बाक्स, ताला, कमरों का गंभीरता के साथ निरीक्षण कर चोरों के हाथ लगे सामानों की बरामदगी और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की बात कहीं गई। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिसिया कार्यप्रणाली शिथिल पड़ जाने से इन दिनों चोरों का हौसला बुलंद है। पुलिस अधीक्षक से प्रभावित गांवों में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की गई। चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीण सहमे रहे।