लालानगर/गोपीगंज। बिहार में नदियों के खतरे के निशान पार कर जाने और प्रयागराज जंक्शन पर रिमॉडलिंग कार्य के चलते मंडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रेलखंड पर बृहस्पतिवार से कई प्रमुख ट्रेनों का रूट डायवर्ट हो जाने से यात्रियों की फजीहत बढ़ गई। वहीं विलंब से चली कुछ ट्रेनों का इंतजार स्टेशनों पर महंगा साबित होता रहा। रूट बदलने से ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर टिकट वापसी के लिए यात्रियों में मारामारी की स्थिति बनी रही। आने वाले तीन और चार अगस्त को मंडुआडीह-जबलपुर अप और डाउन निरस्त रहेगी।
ज्ञानपुर रोड स्टेशन मास्टर अशोक वर्मा ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन पर रिमाडलिंग कार्य के चलते ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया गया है। इस क्रम में बृहस्पतिवार को 12561 जयनगर-नईदिल्ली एक्सप्रेस आठ घंटे विलंब से स्टेशन पहुंची। 14005 लिच्छवी, 12792 दानापुर-सिकंदराबाद, 12791 सिकंदराबाद-दानापुर दूसरे मार्ग से चलीं। वहीं 11061 डाउन दरभंगा चार घंटा, 15004 चोरीचौरा चार घंटा विलंबित रहीं। 12582 डाउन नईदिल्ली-मंडुवाडीह दो घंटा विलंब से पहुंच सकी। बताया कि तीन अगस्त को जहां 15117 मंडुवाडीह-जबलपुर निरस्त रहेगी, वहीं 11034 दरभंगा-पुणे डायवर्ट रूट से जाएगी और चार अगस्त को 15118 डाउन जबलपुर-मंडुवाडीह एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया गया है। पूर्वोत्तर मंडल कार्यालय वाराणसी ने ट्रेनों के रूट बदलने और विलंब रहने की सूचना पर यात्रियों को संतुष्ट करने का प्रयास जारी है। किसी भी तरह के अफवाहों से बचने के लिए जीआरपी, आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी हो गई है।