कोरोना कर्फ्यू को लेकर जिले में संजीदगी नहीं दिख रही। इस क्रम में बाजारों में जहां कोविड नियमों के प्रति बड़े स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। तो वहीं सुबह-शाम दुकानों पर उमड़ रही भीड़ में न तो सामाजिक दूरी का पालन हो रहा है और न ही लोग मास्क लगा रहे हैं।
दरअसल कोरोना की दूसरी लहर ने शासन और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए 24 मई तक शासन की ओर से कोरोना कर्फ्यू लागू किया गया है। इस दौरान जरूरी दुकानों को छोड़कर अन्य को बंद करने का निर्देश है, लेकिन कर्फ्यू में भी दुकानें खोली जा रही है। इस क्रम में ज्ञानपुर नगर के मुख्य बाजार संग गोपीगंज, भदोही, जंगीगंज, चौरी समेत अन्य बाजारों में कपड़ा के साथ-साथ बर्तन आदि की दुकानें खोली जा रही हैं। यही नहीं सुबह-शाम खरीदारों की भीड़ जुट रही है। प्रशासनिक कार्रवाई संग कोरोना का भी लोगों में खौफ नहीं दिख रहा। दुकानों पर न तो सामाजिक दूरी का पालन हो रहा और न ही लोग मास्क लगा रहे हैं।
इस दौरान शुक्रवार को ज्ञानपुर, गोपीगंज और भदोही बाजार की पड़ताल करने पर कई अन्य दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। ग्राहकों के आने पर दुकान खुलती और खरीदारी करने के बाद दुकान बंद हो जाती है। सुबह शाम सड़कों पर जुट रही भीड़ संक्रमण को बढ़ावा दे रहा है। शासन और प्रशासन की सख्त हिदायत के बाद भी व्यापारी जरूरी संग अन्य दुकानें भी खोल रहे हैं। निर्धारित समय तीन घंटे के बाद भी दुकानें खोलकर सामान बेचा जा रहा है।