जिले के नोडल अधिकारी और मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्रा ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज का औचक निरीक्षण किया। इससे अस्पताल परिसर में खलबली मच गई। अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी छुट्टी पर रहे। इसको लेकर मंडलायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी भी ली।
मंडलायुक्त लगातार चौथे दिन रविवार को भी जिले में मौजूद रहे। रविवार को सुबह 11 बजे अचानक वह सीएचसी गोपीगंज पहुंच गए। उच्चाधिकारी के आने से अस्पताल में खलबली मच गई। आनन-फानन में चिकित्सक ड्रेस में पहुंच गए। छुट्टी का दिन होने से अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी अवकाश पर रहे। मंडलायुक्त ने वैश्विक महामारी को देखते हुए बूस्टर डोज और 15 से 18 साल तक के लोगों को अधिक संख्या में वैक्सीन लगाने के लिए निर्देशित किया। अधीक्षक डॉ.आशुतोष पांडेय से वैक्सीनेशन काउंटर, पंजीकरण, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर, विद्युत व्यवस्था, एंबुलेंस आदि का निरीक्षण कर जरुरी दिशा-निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमओ डा.एसके चक, सीडीओ भानुप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।