ज्ञानपुर/भदोही। जिले के महाविद्यालय सोमवार को खुले। हालांकि पहले दिन उपस्थिति कम रही। ज्यादातर कॉलेजों में अभी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। इससे ऑफलाइन कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है। ज्ञानपुर के काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिसंबर से कक्षाएं चलाने की तैयारी है।
जिले में तीन राजकीय समेत कुल 28 महाविद्यालय हैं। शासन के निर्देश पर सोमवार को कई महाविद्यालयों में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो गई, हालांकि कई में अभी कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को 10 फीसदी छात्र-छात्राएं पहुंचे, लेकिन स्नातकोत्तर में प्रवेश प्रक्रिया जारी होने के कारण कक्षाएं अभी शुरू नहीं हो सकी। प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे ने कहा कि एक दिसंबर से कक्षाएं संचालित होंगी। कक्षाएं शुरू करने को लेकर प्राध्यापकों संग बैठक की गई। अभी पूर्व की तरह ऑनलाइन कक्षाएं ही चलाई जाएंगी। बैठक में डॉ. रोशन कुमार, रिचा यादव, प्रदीप, प्रमोद आदि रहे। स्नातक के छात्र संतोष सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण में बचाव के साथ कॉलेज खुलना चाहिए। ऑनलाइन पढ़ाई में ज्यादातर बातें समझ में नहीं आती। अधिकतर वित्तविहीन महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति नगण्य रही।
भदोही संवाददाता के अनुसार, नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में पहले दिन कुल उपस्थिति 35 से 40 प्रतिशत के बीच रही। प्राचार्य डॉ.मुरलीधर राम ने बताया कि बीए के मुकाबले बीएससी में अधिक उपस्थिति रही। सभी छात्रों के लिए सुबह 10 बजे से कक्षाओं का समय रखा गया था। जो 3 बजे तक चला। सभी को अनिवार्य रूप से सेनिटाइज कराने के साथ ही साथ मॉस्क लगाने के बाद ही छात्रों को कॉलेज में प्रवेश दिया गया। जो विद्यार्थी मास्क नहीं लगाए थे उन्हें वापस कर दिया गया। बीए में 35 प्रतिशत और बीएससी में 40 प्रतिशत उपस्थिति रही।
औराई संवाददाता के अनुसार, केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय में भी कक्षाएं शुरू हुईं। पहले दिन 30 फीसदी के करीब छात्र-छात्राएं कॉलेज पहुंचे। प्राचार्य डॉ. वृजकिशोर त्रिपाठी ने बताया कि शासन के गाइडलाइन का पालन कराते हुए कक्षाएं संचालित की जाएगी। मॉस्क, सामाजिक दूरी और 50 फीसदी से कम छात्र उपस्थिति रखी जाएगी।