भदोही। इंदिरा मिल रेलवे ओवरब्रिज के सर्विस लेन की बदहाली के चलते सोमवार को चौरी-भदोही मार्ग साढ़े चार घंटे भीषण जाम की चपेट में रहा। जाम के कारण भारी वाहन चौरी रोड के रेवड़ा परसपुर रेलवे फाटक होकर इंदिरा मिल आरओबी होते हुए जौनपुर की ओर निकाले जा रहे थे। इससे चौरी रोड से लेकर मोरवा पुल तक ट्रकों की कतार लगी रही। धीरे-धीरे वाहन आ जा रहे थे। जाम में छोटे वाहन भी फंस गए थे। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओवरब्रिज के सर्विस लेन की बदहाली सुधरने का नाम नहीं ले रही है। यह हालत कई महीने से है। इसमें सुधार के जिला प्रशासन के सारे दावे धरे के धरे रह गए। आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ जाकर प्रमुख सचिव और मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों से भी इस समस्या के संबंध में वार्ता की, लेकिन सिवा आश्वासन के कुछ नहीं मिला। मौजूदा हालत यह है कि सर्विस लेन वाहनों के चलने लायक नहीं रह गई है। सोमवार को सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक चौरी रोड पर लगभग दो किमी तक भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान वाहन रेंग रहे थे। वाराणसी की ओर से आने वाले वाहन सीधे रेवड़ा फाटक से होकर मिर्जापुर या आरओबी होते हुए जौनपुर की ओर निकल रहे थे। साढ़े तीन बजे के बाद वाहनों का दबाव कम होने पर जाम से राहत मिल सकी। चौरी रोड और रेवड़ा फाटक मार्ग भी जाम की चपेट में आ जाने से छोटे कार, बाइक चालक भी फंस कर झेलते रहे। इस दौरान पुलिस का कहीं अतापता नहीं था। नईबाजार पुलिस चौकी प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि जाम की समस्या नई नहीं है। मुख्य कारण सर्विस लेन की बदहाली है। जितनी जल्दी सर्विस लेन की मरम्मत होगी, उतनी जल्दी जाम की समस्या से निजात मिलेगी।