ज्ञानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने मंगलवार को सीएचसी भदोही का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टाफ नर्स समेत तीन कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी का एक दिन का वेतन काटकर स्पष्टीकरण मांगा गया। दवा स्टोर रूम में दवाओं के रख-रखाव में धांधली मिली। स्टाक रजिस्टर और स्टॉक में अंतर मिलने पर इंचार्ज को तलब किया गया।
सुबह करीब 11 बजे सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदोही पहुंचे। उनके पहुंचने की खबर मिलते ही कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मियों की हलचल बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स मुन्नी देवी, वार्ड ब्वाय वैस अहमद सिद्दीकी और अनिल सिंह बिना सूचना के अनुपस्थित रहे। स्टाफ नर्स छाया पाल भी गैर हाजिर रहीं, हालांकि बाद में पता चला कि वह प्रसूति अवकाश पर हैं। दवाओं के स्टोर रूम की जांच की गई तो सेप्ट्राजोन नामक दवा स्टाक रजिस्टर में अधिक जबकि मौके पर कम मिली। इसको लेकर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने का निर्देश दिया।