मर्चवार गांव में जांच के लिए पहुंची बिजली निगम की टीम। स्रोत: बिजली निगम
- फोटो : संवाद
सर्रोई। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी के निर्देश पर बुधवार को बिजली निगम की ओर से असनांव, मर्चवार फीडर से जुड़े कई गांव में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बकाए में 23 लोगों के कनेक्शन काटे गए। जबकि चोरी करने पर पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। कार्रवाई से उपभोक्ताओं में खलबली मची रही।
भदोही विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता आरके गौतम के नेतृत्व में बिजली निगम के कर्मचारियों की टीम असनाव फीडर के मर्चवार समेत करीब 10 गांव में पहुंची। इस दौरान 50 से अधिक उपभोक्ताओं की जांच की गई। पांच के खिलाफ बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज कराया गया। 23 का कनेक्शन काटा गया। एक लाख दो हजार का बकाया वसूला गया। एक्सईएन ने बताया कि खंड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेकिंग अभियान में लगाया गया। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील है कि विच्छेदन तिथि के अंदर अपना बकाया बिजली बिल जमा करवाए एवं बिजली चोरी न करें। उन्होंने कहा कि हर फीडर पर एक फीडर मैनेजर को नियुक्त किया गया है। जिससे फीडर पर शत प्रतिशत बिलिंग, राजस्व वसूली एवं गुणवत्तापूर्वक विद्युत आपूर्ति की जा सके। फीडर स्तर पर सुधार न होने पर उच्च स्तर से जवाबदेही तय की जाएगी। मीटर रीडर्स के साथ एक विभागीय कर्मी को लगाया गया है। इससे मीटर रीडर्स गलत बिल न बना सकें। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वितरण क्षेत्र में अधिक बिजली चोरी वाले क्षेत्र को चिह्नित कर आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। 10 हजार रुपये से अधिक बकायेदारों के विद्युत विच्छेदन कर शिकंजा कसा जाएगा और बिजली चोरी कर रहे उपभोक्ताओं के कनेक्शन को काटकर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।