गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के कसिदहां-नथईपुर गांव निवासी किसान रमापति के खिलाफ पराली जलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। सहायक कृषि विकास अधिकारी कमला प्रसाद, दीपक कुमार सिंह ने रविवार को नामजद तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शासन-प्रशासन की रोक के बाद भी किसान खेतों में पराली जलाकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
जांच करने पर मामला सही पाया गया। कोतवाली कृष्णानंद राय ने कहा कि अधिकारियों की तहरीर पर एनजीटी की धारा 24 के तहत किसान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जिला कृषि अधिकारी अशोक प्रजापति ने कहा कि ब्लॉक वार कृषि गोष्ठियां आयोजित कर पराली न जलाने और इससे बढ़ रहे प्रदूषण से होने वाले नुकसान से जागरूक किया जा रहा है, लेकिन किसान मनमानी कर रहे हैं। जिले में अभियान चलाकर पराली जलाने वालों को चिह्नित कराया जा रहा है।