औराई/ऊंज। मंगलवार को सुबह राजमार्ग पर अलग-अलग हुए सड़क हादसों में सुनैना पाठक (50) निवासी घोरावल-सोनभद्र की मौत हो गई और एक अज्ञात महिला मामूली रूप से घायल हो गईं। पहली घटना औराई थाना क्षेत्र के राजमार्ग पर नटवां में दक्षिणी लेन पर हुई।
घोरावल सोनभद्र निवासी दिवाकर पाठक अपनी पत्नी सुनैना पाठक समेत परिवार के साथ कार से प्रयागराज की ओर जा रहे थे। नटवां पहुंचने पर कार का अगला टायर तेज आवाज के साथ फट गया और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। मौके पर ही सुनैना ने दम तोड़ दिया। घायल अनिल कुमार (28), दिवाकर पाठक (55) को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना पर लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं दूसरी घटना ऊंज थाना क्षेत्र के वहिदानगर अंडरपास ब्रिज के समीप हुई। जहां सुबह लगभग आठ बजे प्रयागराज की ओर से आ रही एक कार खड़े हार्वेस्टर में टक्कर मार दिया। हार्वेस्टर चालक दिनेश कुमार ने बताया कि वह मध्यप्रदेश से गेहूं की कटाई कर बिहार जा रहा था। वहिदानगर अंडरपास ब्रिज के पास स्टेयरिंग जाम होने के कारण हार्वेस्टर को खड़ा कर दिया था। कुछ ही देर बाद कार चालक ने पीछे से आकर टक्कर मार दिया।