ज्ञानपुर। सुरियावां ब्लॉक के गोपीपुर-चौगुना गांव निवासी अरुण तिवारी और नीलम तिवारी ने भदोही विधायक पर पर्चा खारिज कराने का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोप लगाया कि उन्होंने तीन अप्रैल को सुरियावां ब्लॉक कार्यालय में नामांकन किया है।
बताया कि मंगलवार को एआरओ ने नामांकन पत्र में त्रुटि होने की बात कहकर सुधार करने के लिए नामांकन पत्र को वापस कर दिया था । जबकि पत्र में सभी औपचारिकताएं पूर्ण हैं बावजूद इसके एआरओ विधायक के कहने पर यह सब कर रहे हैं। कहा कि विधायक परिवार उक्त गांव में कई वर्षों से ग्राम प्रधान के पद पर काबिज चला आ रहा है जिनके विरोध में हम लोगों ने नामांकन किया है जो विधायक को रास नहीं आ रहा है। इसके अलावा बताया कि नामांकन करने पर पर्चा खारिज कराने की धमकी भी दी गई थी।
इस संबंध में डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि मामले की जांच कराने पर हकीकत सामने आएगी। भदोही विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी से हुई बातचीत में उन्होंने आरोप को पूरी तरह से गलत बताया है। कहा कि हम न उन्हें जानते हैं और न हमसे उनका कोई मतलब है। पर्चे की जांच जिला प्रशासन कर रहा है हम नहीं। जिले के विभिन्न ब्लॉक कार्यालयों में दाखिल होने वाले पर्चे में कोई कमी दिखाई जा रही है तो उसकी निगरानी के लिए जिला प्रशासन कर रहा है। कुछ लोग जानबूझ कर छवि खराब करने का षड्यंत्र रच रहे हैं जिनकी शिकायत अधिकारियों से की जाएगी।