भदोही में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति के तीसरे चरण में जिले में महीने भर विविध आयोजन होंगे। शासन की ओर से कार्ययोजना जारी कर दी गई है। अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारी तेज कर दी गई है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के तीसरे चरण में महिला कल्याण विभाग और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आयोजन किया जाना है। अगस्त और सितंबर महीने तक चलने वाले कार्यक्रम और शिविर में कोरोना गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य होगा। सीडीओ ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर होने वाले आयोजन के लिए एक-एक नोडल अधिकारी को नामित किया गया है। जिसमें पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत, जिला परिषद, जिला बेसिक, माध्यमिक शिक्षा परिषद, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, बाल विकास पुष्टाहार, महिला कल्याण, खेल-कूद क्रीडा, जिला उद्योग विभाग, स्थानीय नगरीय, जिला समाज कल्याण, जिला पिछड़ा कल्याण, जिला अल्पसंख्यक, जिला कृषि, जिला विकास, बाल विकास परियोजना, सहायक श्रमायुक्त, सदस्य/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विद्यालय, जिला कार्यक्रम, डूडा विभाग, खंड विकास अधिकारी आदि शामिल हैं।
19 अगस्त को मेगा ईवेंट-रक्षा उत्सव में बच्चों और महिलाओं को विभिन्न प्रकार की हिंसा से बचाव संबंधी कार्यक्रम में जागरूक किया जाएगा। इसमें स्वावलंबन कैंप, कानूनी जागरूकता अभियान, कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन शोषण, ग्राम बाल संरक्षण समितियों की बैठक आदि होंगे। गांव स्तर पर नुक्कड़ नाटक, लिंगानुपात पर जागरूकता को लेकर गुड्डा-गुड्डी बोर्ड की स्थापना, ग्राम बाल संरक्षण समितियों की बैठक होगी। सीडीओ ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी को नोडल और जिला कार्यक्रम अधिकारी संग समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी को प्रतिदिन मिशन शक्ति समारोह से जुड़े फोटोग्राफ्स उपलब्ध कराना होगा।