भदोही जिले में शादी की जश्न के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बरात में आई महिलाओं ने कूलर न लगे होने को लेकर नाराजगी जताई तो दुल्हन के भाई ने माफी मांगी, लेकिन बरात आए कुछ युवकों ने मारपीट शुरू कर दी।
भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के निदुर में शनिवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम में बरातियों और घरातियों में मारपीट हो गई। जिससे शादी में भगदड़ मच गई और बराती भी भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शादी सम्पन्न कराई।
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
औराई के बाबूसराय निवासी स्वर्गीय नजीर अली के पुत्र पीर मोहम्मद सिद्दीकी की बरात निदुर बाजार में ताहिर अली के यहां आई थी। जलपान के बाद बरातियों को भोजन कराया जा रहा था। इस दौरान बरात में आई महिलाएं कूलर न लगाने को लेकर नाराजगी व्यक्त करने लगीं।
दुल्हन के भाई ने माफी मांगते हुए कहा कि मौसम आज सही है, यही सोचकर कूलर का इंतजाम नहीं कर पाया। इस बीच कुछ मनबढ़ बराती युवक लड़की के भाई सद्दाम को मारने पीटने लगे। शोर शराबा सुनकर पहुंचे घरातियों ने बेरहमी से सद्दाम को पिटता देखा तो युवकों पर टूट पड़े। दोनों तरफ से जमकर मारपीट होने लगी और इस दौरान बराती भाग खड़े हुए।
विज्ञापन
दूल्हा भी भागने लगा तो गांव के लोगों ने उसे पकड़ लिया। विवाद से नाराज दुल्हा शादी करने से इनकार करने लगा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे और दुल्हन के परिजनों को समझाकर शादी के लिए राजी किया। पुलिस की मौजूदगी में शादी और विदाई का कार्यक्रम संपन्न कराया गया।