लालानगर/गोपीगंज (भदोही)। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर कायस्थान में रविवार को ग्राम प्रधान रमेश सिंह की कार की छत पर और पूरे रामगुलाम गांव में केमिकल व्यापारी जमालुद्दीन खान के घर केबाहर बम जैसी वस्तु मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। दोनों जगहों पर एक नक्सली ग्रुप की ओर लिखा पत्र भी मिला। जिसमें फिरौती की मांग की गई थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। बाद में एसपी रामबदन सिंह ने भी दोनों गांवों में जा कर छानबीन की। बम निरोधी दस्ते को भी बुलाया गया था। जिसकी जांच में एक बम में कागज की गड्डी और दूसरे में विस्फोटक मिला।
पुलिस ने बताया कि रविवार को ग्राम प्रधान रमेश सिंह की वैगन आर कार पर कथित बम के साथ मिले धमकी भरे पत्र में रमेश सिंह से दो लाख की डिमांड की गई है। इसकेअलावा प्रधान अमिलौर छोटेलाल सरोज से एक लाख, प्रधान पूरे शंभू-पूर्व प्रधान सदापाल से दो लाख और ककराही के पूर्व ग्राम प्रधान रामा यादव से दो लाख रुपये मांगे गए थे। बम रखनेवाले ने खुद को नक्सली संगठन का होना बताया है। जबकि व्यापारी जमालुद्दीन खान केयहां मिले पत्र में उससे 10 लाख रुपये मांगे गए हैं। बाद में वाराणसी से आए बम निरोधक दस्ते और फोरेंसिक जांच में एक डिब्बे में कागज की गड्डी मिली है जबकि दूसरे में विस्फोटक। एसपी ने बताया कि प्रधान के घर के पास जो डिब्बा रखा था उसमें कागज की गड्डी मिली थी। लिखा गया था कि इसी तरह नोट की गड्डी बनाकर देना है। बताया कि दूसरे डिब्बे में विस्फोटक और सर्किट भी मिले हैं।