कोतवाली में शांति समिति की बैठक में बोलते सीओ प्रियांक जैन।
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कोतवाली परिसर में रविवार की शाम शांति समिति की बैठक हुई। पुलिस उपाधीक्षक प्रियांक जैन ने कहा कि कोरोना महामारी में सार्वजनिक रूप से पूजा पंडालों की स्थापना नहीं होंगी। प्रशासन यदि समझेगा तो आवश्यक दिशा निर्देश के साथ प्रतिमा स्थापना की अनुमति दे सकता है लेकिन इसके लिए अनुमति लेनी होगी। इतना ही नहीं बैठक में मौजूद मूर्तिकारों को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि प्रशासन का अनुमति पत्र देखकर ही किसी को प्रतिमा देंगे।
सीओ ने कहा कि दुर्गा मां तो हम सबके मन में बसती हैं। कोरोना महामारी से बचने के लिए सबको साथ आने की आवश्यकता है। प्रशासन ने इसके लिए स्पष्ट गाइडलाइन जारी कर दिए हैं। इसके अंतर्गत सार्वजनिक रूप से प्रतिमा या पंडाल स्थापित नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा किसी प्रकार का जुलूस, राम बारात, दशहरा आदि भी मनाने पर रोक लग गई है। मूर्तिकारों से कहा कि मूर्ति देने से पहले अनुमति जरूर देख लें।
उन्होंने साफ कहा कि बगैर अनुमति प्रतिमा स्थापित करने अथवा मूर्तिकारों द्वारा प्रतिमा बेचे जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जहां तक हो सके घरों में रहकर पर्व को मनाएं। बैठक में पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, विनीत बरनवाल, दिलीप गुप्ता, करुणा शंकर दुबे, अरविंद मौर्य, पंकज सिंह, प्रकाश जायसवाल, राजीव मोदनवाल, अशोक सेठ, दशरथ सेठ, गांधी सेठ, राशिद, कन्हैया लाल यादव, अमित कुमार, शंभु सेठ प्रमुख रूप से मौजूद रहे।