ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपीगंज-ज्ञानपुर मार्ग पर सिंहपुर गांव के समीप बुधवार की शाम करीब पांच बजे बाइक के धक्क से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर बड़वापुर गांव निवासी देवी शंकर शुक्ला (63) साइकिल से सब्जी लेने ज्ञानपुर बाजार जा रहे थे। उस दौरान गोपीगंज की ओर से एक बाइक सवार तेज रफ्तार में आ रहा था। सिंहपुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और देवीशंकर शुक्ला को बाइक से धक्का लग गया। सड़क पर गिरने के कारण देवी शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ज्ञानपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने कहा कि बाइक सवार फरार हो गया है। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है।