ज्ञानपुर। यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल चार दिसंबर को भदोही जिले में आएंगी। यहां वह विभिन्न केंद्रीय जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगी। राजभवन से इस आशय का पत्र आने के बाद यहां जिला प्रशासन राज्यपाल के आगमन की तैयारियों में जुट गया है। वह स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल आदि का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत देखेंगी।
केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति की कहानी जानने के लिए राज्यपाल आनंद बेन पटेल का भदोही दौरान चार दिसंबर को प्रस्तावित है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव हेमंत राव का पत्र जिला प्रशासन के पास आने के बाद तैयारी शुरू हो गई है। राज्यपाल के सामने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। इसमें जनपद की सफलता की कहानी भी शामिल की जाएगी। राज्यपाल आंगनबाड़ी, थाना, पीएचसी-सीएचसी, वृद्धा आश्रम आदि का निरीक्षण करेंगी। राज्यपाल जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, जीवन बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना और आयुष्मान योजना के बारे में चर्चा करेंगी। साथ ही राज्यपाल विभिन्न सामाजिक संगठनों से मुलाकात करने के साथ ही जैविक खेती करने वाले किसानों से मुलाकात और उनके खेतों का भ्रमण कर सकती हैं।