चुनावी सीजन में पुलिस और प्रशासन ने अपराधियों पर शिकंजा कस लिया है। मंगलवार को गैंगस्टर के आरोपी संतोष उपाध्याय निवासी मधुपट्टी की 44 लाख से अधिक रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
विधानसभा चुनाव सकुशल एवं पारदर्शी कराने के लिए 15 हजार से अधिक लोगों को अब तक पाबंद किया जा चुका है, साथ ही 100 से अधिक असलहे निरस्त हो गए हैं। शराब, मादक पदार्थ और पशु तस्करों संग अन्य अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर मंगलवार को सुरियावां पुलिस ने मधुपट्टी निवासी संतोष उपाध्याय उर्फ महाकाल के खिलाफ कार्रवाई की। अचल संपत्ति अंतर्गत धारा-14 (1) के तहत 44 लाख 91 हजार 324 रुपये की संपत्ति कुर्क की गई। उसके खिलाफ हत्या, अवैध शराब निर्माण, जालसाजी सहित कई मामलों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपराध के जरिए यह संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस ने बताया कि मूल्यांकन के दौरान पाया गया कि आरोपी ने मां के नाम आठ लाख 31 हजार की जमीन खरीदी थी साथ ही दो मंजिला मकान करीब 36 लाख 59 हजार रुपये का है।