पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन उत्तर रेलवे के जंघई-वाराणसी रेल खंड पर एक बार फिर गाजीपुर सिटी वाया प्रयागराज संगम डेमू ट्रेन को एक मार्च से चलाने की तैयारी में है। यात्रियों ने बताया कि उक्त ट्रेन को रेल प्रशासन ने महामारी के प्रथम चरण में बंद कर दिया था। ट्रेन के बंद होने के कारण व्यापारी, छात्र सड़क मार्ग से आर्थिक शोषण झेलकर वाराणसी, लोहता, सेवापुरी, सुरियावां, भदोही, सरायकंसराय, फूलपुर की यात्रा करते थे। अनलॉक में स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मात्र प्रमुख स्टेशनों पर होने के चलते स्थानीय स्तर की यात्रा से यात्री वंचित होते रहे लेकिन एक मार्च से ट्रेन चल जाने पर राहत मिलने लगेगी। जनसंपर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि डेमू ट्रेन नंबर 05437-05438 एक मार्च से गाजीपुर सिटी, अंकुशपुर, सहेड़ी, नंदगंज, बासुचक, तरॉव, सैदपुर भितरी, औड़िहार, रजवारी, कादीपुर, सारनाथ, वाराणसी सिटी, वाराणसी, लोहता, चौखंडी, सेवापुरी, कपसेठी, परसीपुर, भदोही, मोढ़, सुरियावां, सरायकंसराय, जंघई, बरयाराम, उग्रसेनपुर, फूलपुर, सरायचंडी, थरवई, फाफामऊ, प्रयागराज, प्रयागराज संगम स्टेशन पहुंचेगी। पुन: प्रयागराज संगम स्टेशन से गाजीपुर सिटी के लिए वापस होगी। ट्रेन में महामारी के गाइड लाइन का शतप्रतिशत पालन कराया जाएगा।