ज्ञानपुर। अखिलेश यादव बार-बार कार्यकर्ताओं से मदद की बात कर रहे थे। अपने 50 मिनट के भाषण में उन्होंने नौ बार मदद शब्द का प्रयोग किया। गठबंधन के उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए समाजवादियों ने कई सीटों पर समझौता किया है।
उन्होंने कि हम लोगों ने बड़ा दिल दिखाकर कांग्रेस को साथ लिया और टीएमसी को भी भदोही वाली एक सीट दी। जिस तरह से आप ताना-बाना बुनकर कालीन तैयार करते हैं। उसी तरह हम लोगों ने एक रिश्ता बुना है। अब आप लोगों की बारी है, आप मदद करिए। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को बार-बार टीएससी का चुनाव चिह्न दिखाया और कहा कि याद रहेगा न। कहा कि आप वोट देने साइकिल से जाएं लेकिन बटन टीएमसी प्रत्याशी का दबाएं। मंच पर भदोही के निवर्तमान सांसद रमेश बिंद और हंडिया विधायक हाकिम लाल बिंद को भी जगह दी गई। अखिलेश ने कहा कि इस बार हमने रमेश बिंद को साथ लिया है। इन्हें तो आप लोग पहचानते होंगे। ये अलग बात है कि ये दूसरे दल में थे इन्हें पहले मैंने बुलाया था लेकिन बात नहीं बनी। उन्होंने बिंद समाज के वोटरों को साधने के लिए कहा कि अब इन्हें मैंने बगल की सीट से लड़ा दिया है। रमेश जी ललितेश की मदद करेंगे। सब मदद कर रहे हैं। मंच पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी मौजूद थे।