सुबह के समय कोहरा में जाते लोग। संवाद
जिले में मौसम का मिजाज शनिवार को एक बार फिर बदल गया। करीब आठ दिन जिले में घना कोहरा दिखा। दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। सड़कों पर चालक वाहन की लाइट जलाकर जाते दिखे। हाईवे से लेकर अन्य मार्गों पर सुबह 10 बजे तक वाहन रेंगते नजर आए। हुदिन और रात के तापमान में एक से डेढ़ डिग्री की कमी दर्ज की गई।
ठंड दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो गई, लेकिन 15 दिसंबर के बाद करीब 25 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ी। नौ जनवरी के बाद सुबह से धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली थी।
करीब एक सप्ताह तक अच्छी धूप निकली। इससे गलन में कमी आई। शनिवार को सुबह कोहरे का चादर तनी रही। अचानक मौसम में बदलाव से लोग परेशान हो गए। सुबह 10 बजे के बाद अच्छी धूप खिली।
सूर्यास्त होते ही हवाओं में नमी होने के कारण लोगों को सिहरन का अहसास हुआ।
शाम छह बजे के बाद 10 किमी की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। लोग ठिठुरते नजर आए। ग्रामीण अंचल के बाजारों में आठ बजे के बाद सन्नाटा छा गया।
कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को दिन का पारा 1.6 डिग्री कमी के साथ 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान में एक डिग्री की कमी के साथ पारा 7.6 डिग्री रहा।