पतंग लूटने के चक्कर में कुएं में गिरा किशोर, मौत
औराई कोतवाली क्षेत्र के कोठरा गांव में बृहस्पतिवार को पतंग लूटने के चक्कर में 14 साल का शिवम उर्फ भोला कुएं में गिर गया। परिजन उसे निकालकर अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
औराई कोतवाली क्षेत्र के कोठरा गांव में बृहस्पतिवार की शाम गांव के पेट्रोल पंप के समीप पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान कटी एक पतंग को लूटने के चक्कर में गांव निवासी सुरेंद्र पाल का बेटा शिवम भूमिगत और झाड़ियों से घिरे कुंए के पास जा पहुंचा। पतंग पर ध्यान होने के कारण वह असंतुलित होकर कुएं में गिर पड़ा।
उसके कुएं में गिरने के बाद अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद मौके पर जुटे आसपास के लोग व परिजनों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे औराई कोतवाल मनोज कुमार ने कार्रवाई पूरी की। बेटे की मौत की खबर लगते ही माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों में खलबली मच गई।
एक ही बाइक पर बैठकर रिश्तेदारी में जा रहे चार युवक शीशम के पेड़ से टकराए, एक की मौत
कोतवाली क्षेत्र के चौबेपुर गांव के समीप बाबूसराय–गिर्दबड़गांव रोड पर बृहस्पतिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक की मौत हो गई। वहीं तीन घायल हो गए। औराई कोतवाली के पिपरिया, मामलपुर निवासी संदीप बिंद (26), विष्णु (35), संतोष (40) व गुड्डू उपाध्याय (32) एक ही बाइक पर सवार होकर ममहर स्थित अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे।
चौबेपुर गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर रोड किनारे खड़े शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को औराई ट्रॉमा सेंटर भेजा। जहां संतोष को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं संदीप, विष्णु और गुड्डू का इलाज जारी है। विष्णु की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औराई प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।