दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के भौंथर गांव में बुआ और मौसी के यहां शादी में हिस्सा लेने के लिए नेपाल से आए दो बच्चों की गांव के ही मनरेगा तालाब में डूबने से मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद शव बाहर निकाला गया। निजी चिकित्सालय ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना से परिवार में कोहराम सा मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
भौंथर गांव निवासी दयाशंकर पांडेय और हरिशंकर पांडेय की लड़कियों की शादी 28 और 29 नवंबर को होनी है। शादी में शरीक होने के लिए दो बच्चे पुनीत (9) पुत्र राजेश और अमन (8) पुत्र विजय निवासी सुकुरौली, भैरहवां मटियरिया नेपाल से आए थे। एक लड़का अपनी मौसी तो दूसरा बुआ के घर आया था। पैसेंजर ट्रेन से उतरने के बाद दोनों घर पहुंचे और कुछ देर बाद एक बच्चे के साथ घर से सौ मीटर दूर स्थित मनरेगा के तहत बने तालाब को देखने के लिए चले गए। सुबह करीब दस बजे तालाब पर पहुंचने पर दोनों बच्चे कपड़ा उतारकर नहाने के लिए तालाब में उतर गए और गहरे पानी में जाने के कारण पानी में ही समा गए। कुछ देर तक बाहर न निकलने पर साथ में गया लड़का भागकर घर गया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। गांव के लोगों ने काफी खोजबीन के बाद दोनों का शव बाहर निकाला। दोनों को एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दयाशंकर पांडेय की लड़की नीतू की शादी 28 को और हरिशंकर पांडेय की पुत्री मैना की 29 को होनी है। बताया जाता है कि अमन मां बाप का इकलौता पुत्र था। वह मूल रूप से जसवा बिलारी बरौत थाना हंडिया इलाहाबाद के निवासी हैं। कई वर्षों से इनके माता पिता नेपाल में रहने लगे हैं।