ज्ञानपुर। एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत जिले में कालीन से जुड़े उद्योग स्थापित करने वालों को बैंक के कर्ज में सरकार सब्सिडी देगी। जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। 15 दिसंबर तक इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं।
एक जिला एक उत्पाद के तहत प्रदेश सरकार गिने-चुने जिलों के उद्योग को धार देने की मुहिम में लगी है। उसी क्रम में जिले के कालीन उत्पादन को बढ़ाने के लिए लोगों को सब्सिडी के माध्यम से कर्ज दिया जाएगा और लोग नए उद्यम स्थापित कर रोजगार का सृजन करेंगे। उसी योजना के तहत जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से लाभार्थियों के चयन की कवायद शुरू हो गई है। इसमें 25 लाख से लेेकर डेढ़ करोड़ तक का कर्ज बैंकों से दिलाया जाएगा। उपायुक्त जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र अधिकारी हरेंद्र यादव ने कहा कि एक जिला एक उत्पाद के तहत सेवा एक व्यवसाय के लिए बैंकों से ऋण उपल्रब्ध कराया जाएगा। 25 लाख की परियोजना में 25 फीसदी यानि 6.25 लाख की सब्सिडी, 25 से 50 लाख तक की परियोजना में 20 फीसदी, 50 लाख से 150 लाख में 10 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कहा कि इसके लिए आवेदन मांगा जा रहा है। 15 दिसंबर तक कार्यालय में आवेदन जमा किया जाएगा। 18 साल से अधिक उम्र के अभ्यर्थी उद्योग स्थापित करने के लिए आवेदन कर सकेंगे।