ज्ञानपुर। जिले के सभी छह राजकीय कृषि बीज भंडारों पर मंगलवार को पीएम किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ न पाने वाले किसानों के आवेदन दुरुस्त करने के लिए आधार कार्ड समेत अन्य कागजात जमा किए गए। सभी स्थानों पर कुल 675 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें 245 निस्तारित किए गए, जबकि 430 मामले लंबित रह गए।
राजकीय कृषि बीज भंडार घूरीपुर, सरोई सहित अन्य केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कृषि विभाग के कर्मचारी और पर्यवेक्षणीय अधिकारियों ने जरूरी अभिलेख एकत्रित किए। जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि छह केंद्रों पर कुल 575 आवेदन आए, जिनमें से 245 का समाधान किया गया। 430 लंबित आवेदनों को निस्तारण के लिए कर्मचारियों को दिया गया। ऊंज संवाददाता के अनुसार, डीघ विकास खंड के गोधना स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर मंगलवार को प्रधानमंत्री किसान समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें किसानों का पीएम किसान का फार्म दुरुस्त करने के लिए कर्मचारी दिन भर लगे रहे। कृषि विभाग के सुनील कुमार, शमशेर सिंह, मनीष कुमार सिंह, राजेश दुबे, जय गोविंद पांडेय, विद्या नाथ सिंह, अशोक सिंह आदि रहे।