ज्ञानपुर (भदोही)।
निकाय चुनाव का आरक्षण तय होने के बाद नगर पालिका से लेकर नगर पंचायतों में चुनावी दंगल शुरू हो गया है। सपा-भाजपा में अध्यक्ष के टिकट को लेकर घमासान मच गया है। पुराने नेताओं संग नए नेता टिकट के लिए लाइन में लग गए हैं। भाजपा में पहले दिन जहां 21 से अधिक आवेदन आ गए, वहीं सपा में भी करीब 15 आवेदन आए। आने वाले समय में यह संख्या 100 के पार पहुंच जाएगी।
मार्च 2017 में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद मई-जून में ही निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई थी लेकिन सरकार की ओर से चुनाव टाला गया तो माहौल शांत हो गया। अक्टूबर के पहले सप्ताह से आयोग की ओर से चुनावी घोषणा की सुगबुगाहट शुरू होने और बाद में निकायों का आरक्षण तय होने से नगरों में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। माना जा रहा है कि नवंबर में निकाय चुनाव होना तय है। जिले में दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों का आरक्षण तय होने के बाद अध्यक्षी लड़ने वाले टिकट के लिए लाइन में लग गए हैं। इस समय सबसे अधिक दावेदार भाजपा और सपा के पास पहुंच रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने कहा कि 26 अक्टूबर तक निकाय चुनाव के लिए आवेदन लिया जाएगा। उसके बाद पार्टी नेतृत्व प्रत्याशियों के निर्णय पर फैसला करेगा।