सुरियावां। निगोह-सुरियावां मार्ग पर मनापुर गेट के समीप मंगलवार को दो मैजिक वाहनों की टक्कर में एक वृद्धा की जान चली गई। घटना में संलिप्त एक वाहन मृतका के घर का और दूसरा पड़ोस का बताया जा रहा है। इसलिए घरवालों ने केस नहीं किया।
बताया जाता है कि पड़ोसी जनपद जौनपुर के बरसठी क्षेत्र के बनीडीह गांव निवासी फातिमा (60) पत्नी स्व. मन्नो अली मंगलवार को दवा लेने के लिए सुरियावां के फकीरान मोहल्ले में आई थी। दवा आदि लेने के बाद वह सुरियावां-निगोह मार्ग पर मनापुर में आकर सवारी वाहन का इंतजार करने लगी। थोड़ी ही देर में उसके पड़ोसी का टाटा मैजिक वाहन आया। उसे हाथ देकर रोकने के बाद वृद्धा उसमें बैठने ही जा रही थी कि इतने में एक और मैजिक वाहन जो महिला के घर का ही बताया जा रहा है, तेजी से आया और पहले से खड़े वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह मैजिक वाहन पलट गया और वृद्धा उसके नीचे दब गई। इससे उसकी मौत हो गई। घटना में संलिप्त दोनों वाहन घर और पड़ोसी का होने के नाते मृतका के परिवार वालों ने केस नहीं किया। हालांकि यह मामला सुरियावां थाने की पुलिस के संज्ञान में है।